साल 2022 का अंत होते-होते भारतीय पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा कमेंटेटर व क्रिकेट एक्सपर्ट आकाश चोपड़ा ने इस साल के टॉप 5 टी20 बल्लेबाजों का ऐलान कर दिया है। उनकी इस लिस्ट में सबसे ऊपर सूर्यकुमार यादव का नाम है, वहीं दूसरे भारतीय के रूप में उन्होंने विराट कोहली को चुना है | कोहली का नाम आपको हैरान कर सकता है, मगर उनके इस साल के आंकड़े टॉप 5 में उनकी जगह बनाते हैं। इसके अलावा आकाश चोपड़ा ने पाकिस्तान, जिम्बाब्वे और न्यूजीलैंड से एक-एक खिलाड़ी चुना है। आइए जानते हैं इनके बारे में-
सूर्यकुमार यादव- ये साल सूर्या के नाम रहा है। वह आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर 1 पर रहे हैं। मेरे लिए वह साल के नंबर 1 बल्लेबाज हैं। सूर्या के बल्ले से इस साल 31 पारियों में 1164 रन निकले हैं, उनके अलावा इस साल कोई भी बल्लेबाज 1000 रन का आंकड़ा पार नहीं कर पाया है। सूर्या ने साल 2022 में 187 के स्ट्राइक रेट से यह रन बनाए हैं।
मोहम्मद रिजवान- सूर्या के बाद इस सूची में दूसरे पायदान पर मोहम्मद रिजवान हैं। रिजवान ने इस साल 25 मुकाबलों में 996 रन बनाए हैं। उनका औसत 45 से अधिक का है मगर स्ट्राइक रेट 125 के पास का है जो आइडियल नहीं है। लेकिन उन्होंने 1000 के करीब रन बनाए हैं। अगर मुझे एक एंड से ऐसा खिलाड़ी मिल जाता है तो मैं दूसरे छोर से कहूंगा कि जाओ और मारो।
विराट कोहली- तीसरे स्थान पर ऐसा लग रहा था कि इस बंदे का नाम नहीं होगा, कोई चांस ही नहीं लग रहा था क्योंकि उनका साल काफी खराब चल रहा था। आईपीएल में भी उनका परफॉर्मेंस अच्छा नहीं रहा था। मगर साल का अंत होते-होते उन्होंने पलटवार किया। यहां मैं विराट कोहली की बात कर रहा हूं। कोहली ने 20 मुकाबलों में 781 रन बनाए हैं। कोहली का स्ट्राइकरेट 138 का रहा है, वहीं औसत लगभग 56 का था। वर्ल्ड कप में कोहली का सरहानीय प्रदर्शन रहा है।
सिकंदर रजा- नंबर चार पर मैं सिकंदर रजा को रख रहा हूं। इसके बाद मैं एक लेफ्टी को चुनूंगा। सिकंदर रजा को मैंने इसलिए चुना है क्योंकि एक तो ये जिम्बाब्वे के लिए खेलते हैं और जिस नंबर पर वह बल्लेबाजी करते हैं। वह आसान नहीं है। वर्ल्ड कप ईयर और वर्ल्ड कप में भी इन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। 24 पारियों में उनके नाम 735 रन है और 151 का स्ट्राइक रेट है। वह कई बार अपने से बेहतर टीमों के खिलाफ मैच खेलते हैं। उनका यह रिकॉर्ड शानदार है।
डेवोन कॉन्वे नंबर 5 पर आंकड़ों के हिसाब से बाबर आजम का नाम बनता है, लेकिन मेरी लिस्ट में वह नहीं है। मैं यहां डेवोन कॉन्वे को चुना है। कॉन्वे ने इस साल 15 ही मैच खेले हैं जिसमें 568 रन उन्होंने 47 से अधिक की औसत से बनाए हैं। अगर वह इसी औसत के साथ 10 और मैच खेलते तो यह सबसे ऊपर आ सकते थे। यह फिर सूर्या के आस पास होते।