भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने मंगलवार को इंदौर के होल्कर स्टेडियम पर जारी तीसरे वनडे में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की बुरी हालत कर दी है। हिटमैन ने बल्लेबाजों के लिए मददगार पिच का पूरा फायदा उठाया और मैदान के चारों कोनों में जबर्दस्त शॉट जमाकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की।
रोहित शर्मा वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जमाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के महान बल्लेबाज सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 445 मैचों में 270 छक्के जमाए थे। हिटमैन ने अपने 241वें वनडे में इस आंकड़ें को पार किया। खबर लिखे जाने तक रोहित शर्मा 55 गेंदों में 8 चौके और पांच छक्के की मदद से 77 रन बनाकर नाबाद थे। उनके साथ शुभमन गिल 67* रन बनाकर जमे हुए हैं। भारत ने 17 ओवर में बिना किसी नुकसान के 147 रन बना लिए हैं।
रोहित शर्मा को जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए चार छक्के की जरुरत थी। भारतीय कप्तान ने आसानी से इस रिकॉर्ड को तोड़ा। बता दें कि वनडे इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जमाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी के नाम दर्ज है। अफरीदी ने 398 मैचों में 351 छक्के जमाए हैं।
वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक ओपनर क्रिस गेल इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर काबिज हैं। गेल ने 301 वनडे मैचों में 331 छक्के जड़े हैं। अब रोहित शर्मा ने सनथ जयसूर्या को पीछे छोड़ते हुए तीसरा स्थान हासिल कर लिया है।
विश्व क्रिकेट में वनडे में सबसे ज्यादा छक्के जमाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
शाहिद अफरीदी – 351
क्रिस गेल – 301
रोहित शर्मा – 272*
सनथ जयसूर्या – 270
एमएस धोनी – 229
वैसे, रोहित शर्मा भारत की तरफ से वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जमाने वाले बल्लेबाज हैं। इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर एमएस धोनी काबिज हैं। धोनी ने 350 वनडे में 229 छक्के जमाए हैं। महान सचिन तेंदुलकर 463 वनडे में 195 छक्के के साथ इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर जमे हुए हैं। पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने 311 वनडे में 190 छक्के जड़े और वो इस लिस्ट में चौथे स्थान पर काबिज हैं। युवराज सिंह 304 वनडे में 155 छक्के के साथ पांचवें स्थान पर जमे हुए हैं।
ऐसा करने वाले चौथे क्रिकेटर बने
रोहित शर्मा वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 30 शतक जड़ने वाले चौथे क्रिकेटर बन गए हैं। रोहित शर्मा को इसके लिए काफी इंतजार करना पड़ा है। रोहित शर्मा ने 2007 से 2023 के बीच 241 वनडे मैचों में ये कमाल किया है। उन्होंने इस मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज कप्तान रिकी पोंटिंग की बराबरी की है। दिलचस्प बात ये है कि 30 वनडे शतक जड़ने वाले चार खिलाड़ियों में तीन खिलाड़ी भारतीय हैं। ये हैं वो नाम..
1. सचिन तेंदुलकर – 49 वनडे शतक
2. विराट कोहली – 46 वनडे शतक
3. रिकी पोंटिंग – 30 वनडे शतक
4. रोहित शर्मा – 30 वनडे शतक