IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ 34 रन की छोटी सी पारी खेल रोहित शर्मा ने एक साथ तोड़ डाले दो बड़े विश्व रिकॉर्ड, धोनी और गिलक्रिस्ट को भी छोड़ा पीछे

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को छक्के जड़ने में महारत हासिल है और फैन्स भी उनकी इस काबीलियत के कायल हैं। वो किसी भी मैच या फॉर्मेट में छक्के जड़ने के मौके नहीं गंवाते हैं। ऐसा करके वो वनडे और टी20 फॉर्मेट में छक्के जड़ने के अधिकांश भारतीय और वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करते जा रहे है। बुधवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ हैदाराबाद में खेले गए सीरीज के पहले वनडे मुकाबले में रोहित ने 38 गेंद में 34 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 4 चौके और 2 छक्के भी जड़े। जैसे ही रोहित ने अपनी पारी का पहला छक्का जड़ा वो भारतीय सरजमीं पर वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस मामले में एमएस धोनी को पीछे छोड़ा।

भारतीय सरजमीं पर बने सिक्सर किंग

एमएस धोनी ने अपने वनडे करियर में 123 छक्के भारतीय सरजमीं पर जड़े थे। वहीं रोहित के नाम अब 125 छक्के हो गए हैं। इस सूची में तीसरे पायदान पर युवराज सिंह 71 छक्कों के साथ हैं। ऐसे में रोहित शर्मा को हाल फिलहाल कोई भी भारतीय खिलाड़ी पीछे छोड़ता नजर नहीं आ रहा है।

वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। तेंदुलकर ने 463 मैचों की 252 पारियों में कुल 18426 रन बनाए हैं। वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट को अब पीछे छोड़ दिया है।

भारत और न्यूजीलैंड के बीच जारी तीन मैचों की सीरीज के पहले मैच से पहले तक रोहित शर्मा के खाते में 9596 रन दर्ज थे। वहीं एडम गिलक्रिस्ट के खाते में 287 मैचों की 279 पारियों में 9619 रन दर्ज हैं। रोहित ने 24वां रन बनाते ही गिलक्रिस्ट को इस रेस में पछाड़ दिया। अब रोहित वनडे इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में 16वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *