साल 2022 का अंत होते-होते विराट कोहली ने तोड़ डाला बड़ा रिकॉर्ड, कोई भी भारतीय नहीं कर पाया ऐसा

टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली के लिए साल 2022 बहुत खास नहीं रहा। तीन सालों से चला आ रहा उनका अंतरराष्ट्रीय शतकों का सूखा खत्म हो गया लेकिन विराट पूरे साल वो धमाल नहीं मचा सके जिसके लिए वो जाने जाते हैं।

साल का अंत होते-होते विराट कोहली अपने पुराने फॉर्म को हासिल करते दिखे। टी20 एशिया कप और टी20 विश्व कप में उनका जाना पहचाना रूप दिखाई दिया। पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप 2022 की मेलबर्न में जीत साल 2022 की उनकी सबसे बड़ी और यादगार उपलब्धि रही।

सबसे ज्यादा बार नंबर वन बैटर के रूप में किया साल का अंत

साल 2023 में टीम इंडिया को अपने ही घर पर वनडे विश्व कप की मेजबानी करनी है। ऐसे में टीम को विश्व चैंपियन बनाने का भार एक बार फिर विराट कोहली के मजबूत कंधों पर होगा। विराट ने साल 2022 का अंत साल 2023 का आगाज भारत के टॉप रैंक वनडे बल्लेबाज के रूप में की है। साल के आखिरी दिन विराट कोहली वनडे रैकिंग में 8वें पायदान पर रहे। इसके साथ ही उन्होंने सबसे ज्यादा बार भारत के टॉप रैंक बल्लेबाज के रूप में साल का अंत करने का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

अब निशाने पर हैं सचिन के ये दो बड़े रिकॉर्ड

विराट ने 12वीं बार करियर में साल का अंत भारत के टॉप रैंक बल्लेबाज के रूप में किया है। जबकि सचिन अपने 24 साल लंबे करियर में 11 बार ऐसा कर सके थे। इस तरह वनडे क्रिकेट में सफलता की नई इबारत लिख रहे विराट कोहली ने एक मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। विराट पहले ही सचिन तेंदुलकर के वनडे क्रिकेट में कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। उनके निशाने पर अब सचिन का सबसे ज्यादा वनडे शतकों और सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड है। अगर वो अपनी पुरानी लय हासिल कर लेते हैं तो जल्दी ही वो मास्टर ब्लास्टर सचिन के इन रिकॉर्ड्स को भी अपने नाम कर लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *